कलेक्टर की अध्यक्षता में हनुमान मंदिर ट्रस्ट की बैठक सम्पन्न, मंदिर विकास एवं प्रबंधन पर हुए अहम निर्णय

सिंगरौली। कलेक्टर गौरव बैनल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में हनुमान मंदिर ट्रस्ट की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंदिर के विस्तारीकरण, प्रबंधन व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा ट्रस्ट संचालन से जुड़े प्रस्तावित बायलॉज पर विस्तार से चर्चा की गई। ट्रस्ट सदस्यों द्वारा भी कई सुझाव प्रस्तुत किए गए।
बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि मंदिर की शासकीय संपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए तथा एक सप्ताह के भीतर जीपीएस आधारित मंदिर परिसर एवं आसपास की शासकीय भूमि का नक्शा तैयार किया जाए। साथ ही अतिक्रमण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाने, दान राशि को पारदर्शी तरीके से बैंक खाते में जमा कराने तथा पर्वों के दौरान भीड़ प्रबंधन को मजबूत करने पर जोर दिया।
कलेक्टर ने मंदिर की आय के सुव्यवस्थित उपयोग, नियमित ऑडिट तथा श्रद्धालुओं के लिए मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। बैठक में अपर कलेक्टर, एसडीएम, तहसीलदार एवं ट्रस्ट सदस्य उपस्थित रहे।









