पावागढ़ में दर्दनाक हादसा: भारी बारिश के बीच गिरी चट्टान, 2 तीर्थयात्रियों की मौत

पंचमहाल (गुजरात)। गुजरात के प्रसिद्ध शक्तिपीठ पावागढ़ में शुक्रवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। लगातार हो रही भारी बारिश के बीच पाटियापुल क्षेत्र में पहाड़ी से एक विशाल चट्टान गिर गई, जिसकी चपेट में चार तीर्थयात्री आ गए। हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य को रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 5 बजे पावागढ़ और आसपास के क्षेत्रों में तेज बारिश हो रही थी। लगातार वर्षा के कारण पहाड़ी की मिट्टी और चट्टानें कमजोर हो गई थीं। इसी दौरान पाटियापुल के पास अचानक एक बड़ा पत्थर टूटकर नीचे आ गिरा। उस समय वहां मौजूद श्रद्धालु इसकी चपेट में आ गए।
घटना की सूचना मिलते ही रोपवे रेस्क्यू टीम, फायर ब्रिगेड और पुलिस मौके पर पहुंची। बचाव दल ने तत्काल अभियान शुरू कर मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक सभी श्रद्धालु बारिश से बचने के लिए एक झोपड़ी के पास खड़े थे, तभी ऊपर से चट्टानें गिरने लगीं। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और दर्शन के लिए आए श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई।
प्रशासन ने मानसून के दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की है। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से भारी बारिश के समय पहाड़ी ढलानों, जल प्रवाह वाले क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों से दूर रहने की सलाह दी है। घटना के बाद प्रशासन ने पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है और संभावित खतरे वाले स्थानों की निगरानी शुरू कर दी है।













