रीवा में ईडी की दबिश से हड़कंप, चर्चित ठेकेदार के घर दस्तावेजों की जांच

रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा शहर में शुक्रवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई से हड़कंप मच गया। शहर के ढेकहा स्थित पद्मधर कॉलोनी में एक चर्चित ठेकेदार के आवास पर ईडी की पांच सदस्यीय टीम ने अचानक दबिश दी और कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों व रिकॉर्ड की जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, कार्रवाई सुबह तड़के शुरू हुई, जिसके बाद इलाके में चर्चा का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि संबंधित ठेकेदार शहर के प्रमुख ठेकेदारों में शामिल हैं और उनका नाम राजनीतिक हलकों से भी जुड़ा बताया जा रहा है। ईडी की टीम घर के भीतर वित्तीय दस्तावेजों, लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड और अन्य आवश्यक कागजातों की पड़ताल कर रही है।
कार्रवाई की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग ठेकेदार के घर के बाहर जुट गए। हालांकि, ईडी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है और न ही कार्रवाई के कारणों का खुलासा किया गया है।
वहीं ठेकेदार ने मीडिया से बातचीत में कहा कि सुबह करीब पांच बजे टीम घर पहुंची, लेकिन शुरुआती घंटों तक उन्हें यह जानकारी नहीं दी गई कि कार्रवाई किस एजेंसी द्वारा की जा रही है। बाद में पुलिस की मौजूदगी में उन्हें बताया गया कि जांच ईडी द्वारा की जा रही है।
फिलहाल ईडी की जांच जारी है। कार्रवाई पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि किन मामलों को लेकर यह छापेमार कार्रवाई की गई है। पूरे घटनाक्रम पर प्रशासन और राजनीतिक गलियारों की नजर बनी हुई है।













