देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

रेलवे स्टेशन पर फर्जी पत्रकार बनकर धमकाने वाले चार गिरफ्तार

 

जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर रेलवे स्टेशन पर खुद को मीडियाकर्मी बताकर यात्रियों और अधिकृत वेंडरों को धमकाने वाले चार युवकों को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने गिरफ्तार किया है। वहीं उनका एक साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।

आरपीएफ के अनुसार उप निरीक्षक योगेंद्र सिंह ने जवानों के साथ स्टेशन परिसर में गश्त के दौरान संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त चार लोगों को पकड़ा। पूछताछ में उनके पास रेलवे परिसर में प्रवेश का कोई वैध अधिकार पत्र नहीं मिला।

जांच में खुलासा हुआ कि 15 जून की रात आरोपी प्लेटफॉर्म नंबर 2 और 3 पर पहुंचे थे, जहां उन्होंने यात्रियों, महिलाओं और वेंडरों के मोबाइल से वीडियो बनाए तथा अभद्र व्यवहार किया। आरोपियों ने स्वयं को मीडियाकर्मी बताकर वेंडरों पर दबाव बनाने और धमकाने का प्रयास किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तुलसी मोहल्ला निवासी रोहित रजक, देवेंद्र विनोदिया, हनुमानताल निवासी संतोष लालवानी और सदर निवासी फिरोज खान उर्फ अक्कू के रूप में हुई है। वहीं घमापुर निवासी दीपक सोनकर फरार बताया जा रहा है।

आरपीएफ ने सभी आरोपियों के खिलाफ रेल अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्टेशन परिसर में अवैध गतिविधियों और यात्रियों को परेशान करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Author

Related Articles

Back to top button