सीमांकन के दौरान पटवारी पर लाठी से हमला, चेहरे पर आई गंभीर चोट
शराब के नशे में युवक ने राजस्व अमले से की अभद्रता, सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप

सिंगरौली। जिले की दुधमनिया तहसील अंतर्गत बरहटी गांव में भूमि सीमांकन के दौरान एक पटवारी पर लाठी से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि शराब के नशे में धुत एक युवक ने राजस्व अमले के साथ गाली-गलौज करते हुए सीमांकन कार्य में बाधा डाली और पटवारी पर हमला कर दिया। हमले में पटवारी के चेहरे पर चोट आई, जिससे रक्तस्राव होने लगा।
जानकारी के अनुसार ग्राम बरहटी स्थित आराजी क्रमांक 699/1/1/1 का सीमांकन कार्य राजस्व विभाग की टीम द्वारा किया जा रहा था। इसी दौरान गांव निवासी कमलेश केवट उर्फ भूल्लू (30 वर्ष), पिता सुरेश केवट मौके पर पहुंचा और सीमांकन कार्य का विरोध करने लगा। राजस्व अधिकारियों के मुताबिक आरोपी नशे की हालत में था और उसने कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया।
तहसीलदार कार्यालय से जारी जानकारी के अनुसार आरोपी ने सीमांकन में उपयोग की जा रही जरीब छीनने का प्रयास किया तथा मौके पर मौजूद पटवारी को बंधक बनाने की कोशिश भी की। जब राजस्व कर्मचारियों ने उसे समझाने का प्रयास किया तो उसने आक्रामक रवैया अपनाते हुए लाठी से हमला कर दिया।
आरोप है कि युवक ने पटवारी के निजी वाहन एमपी-53-सीए-5647 को भी नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया। हमले में घायल पटवारी को उपचार उपलब्ध कराया गया। घटना के समय बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर मौजूद थे।
मामले की जानकारी तहसीलदार सारिका परस्ते द्वारा कलेक्टर गौरव बैनल को दी गई। कलेक्टर के निर्देश पर थाना बरगवां को आरोपी के विरुद्ध शासकीय कार्य में बाधा, मारपीट एवं अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत कार्रवाई करने के लिए पत्र भेजा गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।













