देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

नर्मदा एक्सप्रेस में चाकूबाजी, धक्का लगने पर युवक पर जानलेवा हमला

 

उज्जैन। बिलासपुर-इंदौर नर्मदा एक्सप्रेस के जनरल कोच में मामूली विवाद के बाद एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले उज्जैन के चरक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसकी नाजुक हालत को देखते हुए इंदौर रेफर कर दिया गया।

जीआरपी के अनुसार, 20 वर्षीय अंशुमान तिवारी अपने साथियों के साथ ट्रेन संख्या 18233 नर्मदा एक्सप्रेस के जनरल कोच में इंदौर से उज्जैन की यात्रा कर रहा था। ट्रेन में अत्यधिक भीड़ होने के कारण उज्जैन स्टेशन पहुंचने से पहले वह कोच के गेट के पास खड़ा था। इसी दौरान ट्रेन की गति अचानक धीमी होने से उसका सामने खड़े एक व्यक्ति से धक्का लग गया।

बताया गया है कि धक्का लगने से नाराज व्यक्ति ने अंशुमान को गालियां देना शुरू कर दिया। विरोध करने पर उसने जेब से चाकू निकालकर हमला कर दिया। हमले में अंशुमान के सिर के पीछे, कान के पास तथा पेट में गंभीर चोटें आईं। चाकू रोकने के प्रयास में उसके हाथ में भी घाव हो गया।

घटना के दौरान अंशुमान के साथी देवा राजपूत, लवलीन पांडे और रामनाथ गुप्ता ने हस्तक्षेप कर उसे बचाया तथा आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

पुलिस जांच में आरोपी की पहचान अरुण वर्मन उर्फ लल्ला के रूप में हुई है। जीआरपी ने उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज किया है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी उज्जैन के महाकाल मंदिर क्षेत्र में दर्शनार्थियों को तिलक लगाने का कार्य करता है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Author

Related Articles

Back to top button