वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास, 11 गेंदों में जड़ा अर्धशतक, बना विश्व रिकॉर्ड

दांबुला। भारतीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम करते हुए 50 ओवर के क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक बनाने का विश्व रिकॉर्ड कायम कर दिया है। श्रीलंका-ए के खिलाफ ट्राई सीरीज के फाइनल मुकाबले में वैभव ने महज 11 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर 20 वर्ष पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया।
आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए वैभव सूर्यवंशी ने 29 गेंदों पर 94 रन की विस्फोटक पारी खेली। उनकी इस पारी में चौकों और छक्कों की बारिश देखने को मिली, जिससे भारत-ए को तेज शुरुआत मिली।
इससे पहले 50 ओवर के क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड श्रीलंका के कौशल्य वीरात्ने के नाम था, जिन्होंने वर्ष 2006 में रागामा क्रिकेट क्लब की ओर से खेलते हुए 12 गेंदों में अर्धशतक बनाया था। वैभव ने यह रिकॉर्ड एक गेंद पहले ही अपने नाम कर लिया।
गौरतलब है कि 50 ओवर क्रिकेट में लिस्ट-ए और वनडे इंटरनेशनल दोनों प्रकार के मुकाबले शामिल होते हैं। वनडे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड दक्षिण अफ्रीका के एबी डिविलियर्स के नाम है, जिन्होंने 2015 में वेस्टइंडीज के खिलाफ मात्र 15 गेंदों में यह उपलब्धि हासिल की थी।
वैभव की तूफानी बल्लेबाजी की बदौलत भारत-ए ने मुकाबले में मजबूत स्थिति हासिल कर ली। समाचार लिखे जाने तक भारत-ए ने 23 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 200 रन बना लिए थे। कप्तान तिलक वर्मा और ऋतुराज गायकवाड़ क्रीज पर मौजूद थे।
वैभव सूर्यवंशी की इस ऐतिहासिक पारी को भारतीय क्रिकेट के भविष्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उनकी रिकॉर्डतोड़ बल्लेबाजी ने क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया है।













