बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

योगमय हुई संस्कारधानी, राष्ट्रपति सहित हजारों लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास

 

जबलपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को संस्कारधानी जबलपुर योगमय नजर आई। राज्य स्तरीय कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सदर स्थित गैरीसन ग्राउंड में आयोजित सामूहिक योगाभ्यास में भाग लेकर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। इस अवसर पर राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

राष्ट्रपति शनिवार शाम विशेष वायुसेना विमान से जबलपुर पहुंची थीं और सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम किया था। रविवार सुबह वे गैरीसन ग्राउंड पहुंचीं, जहां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के राज्य स्तरीय समारोह में निर्धारित योग प्रोटोकॉल के अनुसार योगाभ्यास किया गया।

कार्यक्रम में राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार, लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, राज्यसभा सांसद सुमित्रा वाल्मीकि सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी योगाभ्यास कर स्वस्थ और संतुलित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

गैरीसन ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों, सरकारी अधिकारियों-कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। योगाभ्यास के दौरान लोगों ने नियमित योग करने और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया।

योग कार्यक्रम के बाद राष्ट्रपति सर्किट हाउस लौटीं। इसके पश्चात वे रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के 36वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए रवाना हुईं। समारोह में मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक एवं उपाधियां प्रदान की जाएंगी।

राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए शहर में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। गैरीसन ग्राउंड, सर्किट हाउस, रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय परिसर तथा डुमना विमानतल पर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की विशेष तैनाती की गई है।

Author

Related Articles

Back to top button