ग्वालियर में चोरी के शक में 8 वर्षीय मासूम की हत्या, आरोपी जेल भेजा गया

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के पुरानी छावनी थाना क्षेत्र अंतर्गत बरा गांव में चोरी के शक में एक 8 वर्षीय मासूम बच्ची की बेरहमी से हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी आमीन खान को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने मारपीट की बात स्वीकार की है।
जानकारी के अनुसार, घटना के दिन बच्ची घर के बाहर अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी, इसी दौरान वह पड़ोस के एक घर में चली गई। आरोप है कि घर में नकदी और एक आभूषण गायब होने के बाद आमीन खान ने बच्ची पर चोरी का शक जताया और उसे अपने घर ले गया।
पुलिस जांच के मुताबिक, आरोपी ने बच्ची को बंधक बनाकर कील लगे डंडे से बेरहमी से पीटा, जिससे उसके शरीर पर गंभीर चोटें आईं। बाद में बच्ची को घर छोड़ा गया, लेकिन अगली सुबह उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गंभीर चोटों की पुष्टि हुई है। मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।













