कटनी रेलवे स्टेशन के पास फायरिंग, शराब दुकान के सामने दहशत

कटनी। जबलपुर रेल मंडल के कटनी रेलवे स्टेशन परिसर के पास शनिवार देर रात फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। यह वारदात स्टेशन से लगभग 100 मीटर दूर स्थित एक अंग्रेजी शराब दुकान के सामने हुई, जहां एक युवक ने पिस्तौल से चार राउंड फायर किए। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र में रात करीब 11:30 बजे हुई। उस समय रेलवे स्टेशन मार्ग पर लोगों की आवाजाही बनी हुई थी। इसी दौरान आरोपी युवक शराब दुकान पर पहुंचा और अचानक फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान दुकान के कर्मचारी और वहां मौजूद लोग दहशत में आ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी ने लगातार चार गोलियां चलाईं, हालांकि किसी को गोली नहीं लगी और बड़ा हादसा टल गया। वारदात के बाद आरोपी अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गया।
रविवार को सामने आए सीसीटीवी फुटेज में आरोपी को दुकान के भीतर फायरिंग करते हुए देखा जा सकता है। पुलिस ने फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली थाना पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश और आपसी विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। शिकायत दर्ज कर ली गई है और आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमों को रवाना किया गया है।













