मध्य प्रदेशसिंगरौली

डिक्की मध्यप्रदेश ने तैयार किया उद्यमिता विस्तार का नया रोडमैप, सिंगरौली के प्रतिनिधियों ने की सक्रिय भागीदारी

सिंगरौली। डिक्की (दलित इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री) मध्यप्रदेश द्वारा आयोजित उद्यमिता विस्तार कार्यशाला-2026 में प्रदेशभर के जिला एवं संभागीय समन्वयकों, पदाधिकारियों और उद्यमियों ने भाग लेकर उद्यमिता को नई गति देने के लिए महत्वपूर्ण रणनीतियों पर चर्चा की। कार्यशाला में सिंगरौली जिले का प्रतिनिधित्व डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर इंजी. विद्याभूषण ने किया।
कार्यशाला में निर्णय लिया गया कि प्रदेश के प्रत्येक जिले में “जिला उद्यमिता कोर टीम” का गठन किया जाएगा, जो नए उद्यमियों की पहचान कर उन्हें प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और आवश्यक सहयोग प्रदान करेगी। साथ ही “एक जिला-एक उत्पाद (ओडीओपी)” योजना के तहत स्थानीय उत्पादों एवं उद्योगों को बढ़ावा देने की रणनीति भी तैयार की जाएगी।
बैठक में सामूहिक सुविधा केंद्र (सीएफसी), क्लस्टर आधारित उद्यमिता, शासकीय खरीद, वेंडर डेवलपमेंट, निर्यात संवर्धन तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया। युवाओं, महिलाओं और सामाजिक रूप से वंचित वर्गों को उद्यमिता से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने का भी निर्णय लिया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ डिक्की मध्यप्रदेश के उपाध्यक्ष डॉ. पंकज पाटिल ने किया। उन्होंने कहा कि डिक्की केवल एक औद्योगिक संगठन नहीं, बल्कि सामाजिक और आर्थिक परिवर्तन का सशक्त मंच है। वहीं, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अनिल सिरवैया ने कहा कि आने वाले दो से तीन वर्ष अनुसूचित जाति एवं जनजाति उद्यमिता के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होंगे। उन्होंने उद्यमिता प्रशिक्षण, वित्तीय सहायता, बाजार उपलब्धता और शासकीय योजनाओं से जोड़ने पर विशेष बल दिया।समापन सत्र में डॉ. मनोज आर्य, मनोज वर्मा एवं मनीष पिपलोदे ने नेतृत्व विकास, संगठन सुदृढ़ीकरण, शासकीय खरीद और पेट्रोलियम क्षेत्र में उपलब्ध व्यावसायिक अवसरों पर विस्तार से जानकारी दी।सिंगरौली से शामिल हुए डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर इंजी. विद्याभूषण ने कहा कि जिले में युवाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ने के लिए डिक्की लगातार प्रयास करेगा। उन्होंने सिंगरौली की औद्योगिक संभावनाओं और स्थानीय संसाधनों का लाभ उठाकर नए उद्यमियों को आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया।कार्यशाला में सिंगरौली से डिविजनल कोऑर्डिनेटर विजय शंकर नीरत “रोमी”, बसंत कुमार साकेत सहित कई उद्यमियों और व्यवसायियों ने भाग लिया। सभी प्रतिनिधियों ने जिले में उद्यमिता विस्तार योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और रोजगार सृजन को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।

Author

Related Articles

Back to top button