शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर यातायात पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 12 वाहन चालक पकड़े गए

सिंगरौली। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए सिंगरौली यातायात पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक षियाज़ के.एम., अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा तथा नगर पुलिस अधीक्षक उमेश प्रजापति के निर्देशन में 21-22 जून 2026 की मध्यरात्रि को शहर के विभिन्न स्थानों पर औचक वाहन जांच की गई।
यातायात थाना पुलिस की अलग-अलग टीमों ने माजन मोड़, निगाही मोड़, अमलोरी तिराहा और पुराना ट्रैफिक तिराहा पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान करीब 120 वाहनों की जांच की गई। वाहन चालकों को शराब या अन्य मादक पदार्थों का सेवन कर वाहन न चलाने की समझाइश भी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नशे की हालत में वाहन चलाने से चालक का मानसिक संतुलन प्रभावित होता है और वाहन पर नियंत्रण कम हो जाता है, जिससे गंभीर सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है।
चेकिंग के दौरान 12 वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए, जिनके वाहनों को जब्त कर कार्रवाई के लिए न्यायालय भेजा गया। न्यायालय द्वारा इन मामलों में 1.05 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया गया है। साथ ही सभी दोषी चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस को छह माह के लिए निलंबित कराने का प्रस्ताव संबंधित जिला परिवहन कार्यालय को भेजा जाएगा।
यातायात पुलिस के अनुसार वर्ष 2025 से लगातार चलाए जा रहे विशेष अभियानों का सकारात्मक प्रभाव देखने को मिला है और पिछले वर्ष की तुलना में सड़क दुर्घटनाओं में कमी दर्ज की गई है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और शराब पीकर वाहन चलाने से बचें, ताकि स्वयं और अन्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।













