सिंगरौली में पुलिस का नाइट कॉम्बिंग अभियान, 222 बदमाशों व आरोपियों पर कार्रवाई

सिंगरौली। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से सिंगरौली पुलिस ने शनिवार रात व्यापक स्तर पर नाइट कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक षियाज़ के.एम. के मार्गदर्शन में जिलेभर में संचालित इस विशेष अभियान के दौरान 222 बदमाशों और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन गौरव राजपूत तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक रीवा क्षेत्र हेमंत चौहान के निर्देशन में चलाए गए अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा सहित जिले के सभी अनुभागीय पुलिस अधिकारियों ने नेतृत्व किया। इसके लिए अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन कर संवेदनशील क्षेत्रों में सघन तलाशी और गश्त की गई।

अभियान के दौरान पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे 20 स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा 81 गिरफ्तारी वारंटियों को भी हिरासत में लिया गया, जिन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा। वहीं 69 निगरानी बदमाशों और 52 गुंडा बदमाशों की जांच कर उनकी गतिविधियों का सत्यापन किया गया।
रातभर चले इस अभियान में पुलिस टीमों ने प्रमुख बाजारों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, हाईवे और संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी। तकनीकी शाखा की सहायता से विभिन्न स्थानों पर कट-ऑफ पार्टियां तैनात की गईं, जिससे संदिग्ध व्यक्तियों की प्रभावी जांच संभव हो सकी।
पुलिस ने प्रमुख चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर संदिग्ध लोगों की जांच की, देर रात बिना कारण घूमने वालों को चेतावनी दी तथा बैंक और एटीएम परिसरों का भी औचक निरीक्षण किया। अभियान के दौरान पुलिस की सक्रिय मौजूदगी से अपराधियों में दहशत और आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के नाइट कॉम्बिंग अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे।













