उतर प्रदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

अवैध खनन के आरोपों से हड़कंप, श्री महादेव इंटरप्राइजेज की जांच की मांग

सोनभद्र में गिट्टी/बोल्डर खनन को लेकर शिकायत, नियमों के उल्लंघन का दावा

सोनभद्र। जिले के ओबरा क्षेत्र अंतर्गत बिल्ली-मारकुंडी इलाके में संचालित श्री महादेव इंटरप्राइजेज की खदान को लेकर अवैध खनन और नियमों के उल्लंघन के गंभीर आरोप सामने आए हैं। इस संबंध में संबंधित विभागों और उच्च अधिकारियों को शिकायत पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की गई है।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि पट्टेदार अरुण सिंह यादव द्वारा स्वीकृत खनन पट्टा क्षेत्र में निर्धारित नियमों के विपरीत गिट्टी और बोल्डर (डोलो स्टोन) का खनन एवं परिवहन किया जा रहा है। आरोपों में कहा गया है कि खनन कार्य में कई पर्यावरणीय और प्रशासनिक शर्तों का पालन नहीं किया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार यह खनन पट्टा लगभग 4.900 हेक्टेयर क्षेत्र में स्वीकृत है और इसकी वैध अवधि 2022 से 2032 तक बताई गई है। शिकायत में दावा किया गया है कि खनन योजना और पर्यावरणीय अनुमति के बावजूद निर्धारित शर्तों जैसे सीसीटीवी निगरानी, आरएफआईडी स्कैनिंग सिस्टम, चेक पोस्ट, तौल मशीन और सुरक्षा व्यवस्थाओं का पालन नहीं किया जा रहा है।

इसके अलावा आरोप है कि खनन परिवहन के दौरान ई-एमएम-11 प्रपत्र प्रणाली का सही उपयोग नहीं हो रहा है तथा डीएमएफ, टीसीएस और अन्य देय शुल्कों में भी अनियमितता की आशंका जताई गई है।

 

शिकायत में यह भी कहा गया है कि खनन कार्य निर्धारित सीमा से बाहर और वन क्षेत्र के निकट किए जाने की संभावना है, जिससे पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा है। साथ ही श्रमिक सुरक्षा, पानी छिड़काव, प्राथमिक चिकित्सा व्यवस्था और अन्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी का भी आरोप लगाया गया है।

शिकायतकर्ता ने मामले की उच्च स्तरीय जांच कर पट्टा निरस्त करने की मांग की है। साथ ही पूरे प्रकरण को पर्यावरणीय नियमों और खनिज अधिनियम के उल्लंघन से जुड़ा गंभीर मामला बताया गया है।

फिलहाल प्रशासन या खनिज विभाग की ओर से इस मामले में आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होने की संभावना है।

Author

Related Articles

Back to top button