अनकापल्ली की फार्मा सिटी में भीषण आग, 2 मजदूरों की मौत

अनकापल्ली। आंध्र प्रदेश के अनकापल्ली जिले के पारावाड़ा स्थित फार्मा सिटी में मंगलवार को दक्षिण एनर्जी इंडस्ट्रीज के परिसर में भीषण आग लग गई। हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई कर्मचारी घायल हो गए हैं। अधिकारियों ने मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई है।
आग लगते ही फैक्ट्री परिसर और आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल और बचाव दल मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। दमकल कर्मी आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं, वहीं फैक्ट्री के अंदर फंसे कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान जारी है।
घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। पुलिस और अग्निशमन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद रहकर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री की प्रत्येक शिफ्ट में 30 से 50 कर्मचारी कार्यरत रहते हैं। हालांकि आग लगने के समय परिसर में मौजूद कर्मचारियों की सटीक संख्या और सुरक्षित निकाले गए लोगों का विवरण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। अधिकारियों का कहना है कि आग पूरी तरह बुझने और विस्तृत जांच के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। प्रशासन को आशंका है कि कुछ कर्मचारी अब भी अंदर फंसे हो सकते हैं, इसलिए राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है।











