ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

माजन मोड़ से इंदिरा चौक तक मॉडल रोड निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश

निर्माण कार्यों की निरंतर मॉनिटरिंग के निर्देश, सहायक यंत्री एवं उपयंत्रियों के प्रति आयुक्त ने जताई नाराजगी

माजन मोड़ से इंदिरा चौक तक मॉडल रोड निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्दे
निर्माण कार्

सिंगरौली,/ नगर पालिक निगम सिंगरौली की आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान ने निगम कार्यालय में सहायक यंत्रियों एवं उपयंत्रियों के साथ बैठक आयोजित कर माजन मोड़ से इंदिरा चौक तक निर्माणाधीन मॉडल रोड के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में आयुक्त ने निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने तथा निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। बैठक में सहायक यंत्री एवं उपयंत्रियों के प्रति नगर निगम आयुक्त ने नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्माण कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने कहा कि मॉडल रोड शहर की महत्वपूर्ण सड़कों में शामिल है, जहाँ प्रतिदिन बड़ी संख्या में नागरिकों का आवागमन होता है। ऐसे में निर्माण कार्यों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए तथा आमजन को कम से कम असुविधा हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए जेसीबी मशीनों एवं अन्य आवश्यक संसाधनों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए, ताकि खुदाई एवं निर्माण कार्य शीघ्रता से पूर्ण किया जा सके।बैठक के दौरान आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए तथा प्रतिदिन कार्य प्रगति की समीक्षा की जाए। उन्होंने सड़क पर उखाड़े गए मलबे एवं निर्माण सामग्री को तत्काल हटाने के निर्देश देते हुए कहा कि मार्ग पर यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखना प्राथमिकता होनी चाहिए।

आयुक्त ने धूल एवं मिट्टी से नागरिकों को राहत देने के उद्देश्य से निर्माणाधीन क्षेत्र में प्रतिदिन तीनों समय नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों एवं साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए।बैठक में आयुक्त ने सख्त निर्देश देते हुए निर्माण कार्य के लिए 8 दिवस की समय-सीमा निर्धारित की। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि आगामी 8 दिनों के भीतर उखाड़े गए हिस्से का कार्य पूर्ण कर लिया जाए तथा क्षेत्र में फैले मलबे एवं वेस्ट मटेरियल को पूरी तरह हटाकर मार्ग को व्यवस्थित किया जाए, ताकि नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
बैठक में अमृत योजना अंतर्गत संचालित विभिन्न विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य गुणवत्ता एवं समय-सीमा के अनुरूप पूर्ण कराने के निर्देश दिए। बैठक में सहायक यंत्री इन्द्रवेश यादव, उपयंत्री विपिन तिवारी, विष्णुपाल, जीतेन्द्र कुमार उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button