बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

नगर निगम आयुक्त ने तेलाई लेक एवं काचन नदी तट पर अमृत योजना के अंतर्गत चल रहे कार्यों का किया निरीक्षण,

 

सिंगरौली- स्थानीय नागरिकों को बेहतर जनसुविधाएं, स्वच्छ, सुरक्षित एवं आकर्षक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम सिंगरौली द्वारा संचालित विभिन्न विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों को निरंतर गति प्रदान की जा रही है। इसी क्रम में नगर निगम आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान द्वारा आज तेलाई लेक एवं काचन नदी क्षेत्र में चल रहे सौंदर्यीकरण एवं अधोसंरचना विकास कार्यों का स्थल निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित सहायक यंत्री एवं उपयंत्रियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने तेलाई लेक परिसर में चल रहे विकास कार्यों का अवलोकन करते हुए पर्यावरण संरक्षण एवं हरित क्षेत्र विस्तार को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि पूरे लेक परिसर में 500 पौधों का रोपण सुनिश्चित किया जाए तथा लगाए जाने वाले पौधों की नियमित देखरेख एवं संरक्षण की व्यवस्था भी प्रभावी रूप से की जाए, जिससे यह क्षेत्र हरियाली एवं पर्यावरण संतुलन का आदर्श स्वरूप बन सके। साथ ही उन्होंने पूरे परिसर में पर्यटकों एवं नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त एवं आकर्षक प्रकाश व्यवस्था हेतु विस्तृत प्राक्कलन शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए।आयुक्त ने यह भी निर्देशित किया कि लेक परिसर में पूर्व से निर्मित पेवर ब्लॉक के आस-पास के क्षेत्रों का भी समुचित सौंदर्यीकरण कराया जाए, जिससे संपूर्ण क्षेत्र का सौंदर्य और अधिक निखर सके तथा नागरिकों को बेहतर भ्रमण अनुभव प्राप्त हो। उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता एवं समयसीमा का विशेष ध्यान रखने पर बल दिया।

इसी प्रकार काचन नदी क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने नदी तट को नागरिकों के लिए आकर्षक एवं बहुउपयोगी सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि यहाँ मॉर्निंग वॉक एवं भ्रमण के लिए आधुनिक वॉकिंग पाथवे का निर्माण तथा ब्रिज पर आकर्षक रैलिंग का निर्माण किया जाए, जिससे यह क्षेत्र शहर के प्रमुख आकर्षण केंद्र के रूप में विकसित हो सके।इसके साथ ही उन्होंने धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए नदी तट पर दुर्गा एवं गणेश प्रतिमा विसर्जन हेतु सुरक्षित एवं व्यवस्थित विसर्जन रैंप के निर्माण के निर्देश दिए। साथ ही नागरिक सुविधाओं को दृष्टिगत रखते हुए आधुनिक यूरिनल निर्माण की कार्यवाही को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए।आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि संपूर्ण परियोजना का क्रियान्वयन समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए तथा आवश्यकतानुसार रिहंद प्रबंधन से समुचित समन्वय स्थापित कर क्षेत्र के समग्र विकास एवं कायाकल्प को सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि इन विकास कार्यों के पूर्ण होने से तेलाई लेक एवं काचन नदी क्षेत्र न केवल पर्यटन एवं सौंदर्य की दृष्टि से विकसित होंगे, बल्कि नागरिकों के लिए एक महत्वपूर्ण सार्वजनिक उपयोग स्थल के रूप में भी स्थापित होंगे। निरीक्षण के दौरान पार्षद खुर्शीद आलम, डिप्टी कमिश्नर आरपी बैस, सहायक यंत्री प्रवीण गोस्वामी, उपयंत्री विपिन तिवारी उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button