अरुण साहू के निधन से महुआ गांव में शोक की लहर

ऐसे समाज सेवी को भूल कर भी नही भूल पाउँगा -शिवप्रसाद साहू
सिंगरौली। सरई तहसील अंतर्गत ग्राम महुआ के उपसरपंच प्रतिनिधि एवं युवा समाजसेवी अरुण साहू के आकस्मिक निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है। उनके निधन की खबर मिलते ही महुआ गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में मातम छा गया। जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है।
अरुण साहू अपने मिलनसार, सरल एवं सहयोगी स्वभाव के कारण युवाओं और ग्रामीणों के बीच काफी लोकप्रिय थे। वे सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेते थे तथा जरूरतमंदों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहते थे। उनके असामयिक निधन को क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया जा रहा है।
शोक व्यक्त करते हुए समाजसेवी शिवप्रसाद साहू ने कहा कि अरुण साहू जैसे हंसमुख और कर्मठ युवा साथी का अचानक चले जाना अत्यंत दुखद एवं अविश्वसनीय है। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा समाज और युवाओं के लिए किए गए कार्यों को कभी भुलाया नहीं जा सकेगा।
शिवप्रसाद साहू ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की है











