मूक-बधिर एवं दिव्यांगजनों के लिए सिंगरौली पुलिस की संवेदनशील पहल

मूक-बधिर एवं दिव्यांगजनों के लिए सिंगरौली पुलिस की संवेदनशील पह
थानों में QR कोड के जरिए सांकेतिक भाषा विशेषज्ञों से मिलेगी तत्काल सहायता
सिंगरौली। आमजन की सुरक्षा और सेवा को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से सिंगरौली पुलिस ने मूक-बधिर एवं दिव्यांगजनों की सहायता के लिए एक अभिनव पहल शुरू की है। पुलिस अधीक्षक श्री षियाज के.एम. के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सर्वप्रिय सिन्हा के मार्गदर्शन में जिले के सभी थानों को दिव्यांगजन-अनुकूल बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
नई व्यवस्था के तहत प्रत्येक थाने में विशेष QR कोड उपलब्ध कराया जाएगा। मूक-बधिर या सांकेतिक भाषा का उपयोग करने वाले व्यक्ति इस QR कोड को स्कैन कर सीधे बेंगलुरु स्थित विशेषज्ञ कॉल सेंटर से जुड़ सकेंगे। वहां मौजूद सांकेतिक भाषा विशेषज्ञ उनकी बात समझकर पुलिस को घटना, समस्या और आवश्यक सहायता की जानकारी तुरंत उपलब्ध कराएंगे।
इस पहल से दिव्यांगजनों की शिकायतों और आपात स्थितियों को समझने में लगने वाला समय कम होगा तथा पुलिस को सटीक जानकारी मिलने से त्वरित कार्रवाई संभव हो सकेगी। इससे पीड़ित व्यक्तियों को समय पर सहायता और संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित किया जा सकेगा।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सर्वप्रिय सिन्हा ने कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी समाज के प्रत्येक नागरिक तक समान रूप से पहुंचना है। उन्होंने कहा कि बोलने या सुनने में असमर्थता किसी व्यक्ति के लिए पुलिस सहायता प्राप्त करने में बाधा नहीं बननी चाहिए। तकनीक और संवेदनशीलता के समन्वय से विकसित यह व्यवस्था प्रत्येक नागरिक को सुरक्षित, सम्मानित और पुलिस से जुड़ा हुआ महसूस कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
सिंगरौली पुलिस की यह पहल समावेशी पुलिसिंग और दिव्यांगजन सशक्तिकरण की दिशा में एक सराहनीय प्रयास मानी जा रही है।











