मध्य प्रदेशसिंगरौली

वन विभाग की कार्रवाई के दौरान हवाई फायरिंग का आरोप, जांच के लिए टीम गठित

 

गढ़वा। जिले के सीमावर्ती गांव में वन विभाग की कार्रवाई के दौरान ग्रामीणों और वनकर्मियों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि वन विभाग की टीम जब एक ट्रैक्टर को जब्त करने पहुंची तो कहासुनी के दौरान एक वनकर्मी ने रायफल से लगभग तीन राउंड हवाई फायरिंग कर दी। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई।

जानकारी के अनुसार वन विभाग की टीम एक ट्रैक्टर को जब्त करने गांव पहुंची थी। ग्रामीणों का कहना है कि मौके पर ट्रैक्टर खाली खड़ा था और उसके साथ कोई ट्रॉली या रेत मौजूद नहीं थी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विवाद के दौरान वन विभाग के कर्मचारी शुभम सिंह ने रायफल निकालकर हवाई फायरिंग की।

घटना की सूचना मिलने पर गढ़वा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। थाना प्रभारी विद्याभारती तिवारी ने बताया कि मौके पर वन विभाग की टीम मौजूद थी तथा वहां केवल एक ट्रैक्टर खड़ा मिला। बताया जा रहा है कि वन विभाग सोशल मीडिया पर वायरल हुई एक तस्वीर के आधार पर कार्रवाई करने पहुंचा था।

इधर, ग्रामीणों ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कार्रवाई को अनुचित बताया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए संजय टाइगर रिजर्व के उप निदेशक राजेश काना ने जांच के लिए एक टीम गठित कर गांव भेजी है। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस और वन विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।

Author

Related Articles

Back to top button