ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

मानव तस्करी की आशंका में ट्रेन से उतारी गईं 17 युवतियां, जांच में सभी बालिग निकलीं

 

सिंगरौली। जिले के बरगवां रेलवे स्टेशन पर रविवार देर रात मानव तस्करी की आशंका के चलते धनबाद-भोपाल एक्सप्रेस से 17 युवतियों को उतारकर पुलिस संरक्षण में लिया गया। सूचना मिलने पर दुर्गा वाहिनी और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने स्थानीय पुलिस को मामले से अवगत कराया, जिसके बाद ट्रेन में जांच अभियान चलाया गया।

बताया गया कि युवतियां मोरवा क्षेत्र से भोपाल जा रही थीं। प्रारंभिक पूछताछ में कुछ युवतियां नाबालिग प्रतीत हुईं और उनके बयानों में भी विरोधाभास सामने आया। युवतियों के साथ एक महिला और दो युवक भी यात्रा कर रहे थे, जिनकी भूमिका को लेकर भी संदेह जताया गया। इसके चलते सभी को पुलिस अभिरक्षा में लेकर विस्तृत जांच की गई।

नगर पुलिस अधीक्षक उमेश प्रजापति ने बताया कि रविवार रात करीब 11:30 बजे युवतियों को संरक्षण में लिया गया था। सोमवार को उनके परिजनों को बुलाकर दस्तावेजों की जांच एवं पूछताछ की गई। जांच में सभी युवतियां बालिग पाई गईं। युवतियों ने पुलिस को बताया कि वे अपनी इच्छा से रोजगार के लिए भोपाल जा रही थीं। इसके बाद उन्हें उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

हालांकि इस कार्रवाई के कारण युवतियों को पूरी रात पुलिस संरक्षण में रहना पड़ा। कुछ युवतियों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि जांच के चलते उनका समय और यात्रा दोनों प्रभावित हुए। उनका कहना था कि जिस स्थान पर उन्हें काम के लिए पहुंचना था, वहां समय पर नहीं पहुंच पाने से रोजगार का अवसर भी प्रभावित हो सकता है।

पुलिस का कहना है कि मानव तस्करी की आशंका को देखते हुए एहतियातन कार्रवाई की गई थी और जांच पूरी होने के बाद सभी को सुरक्षित परिजनों के हवाले कर दिया गया।

 

Author

Related Articles

Back to top button