पहली बारिश मे लबालब भरी मुंबई, तैयारियों कि खुली पोल

मुंबई. देश की आर्थिक राजधानी मुंबई की हालत मानसून की पहली बारिश में ही खराब हो गई है. सड़कों से लेकर अडंरपास, सबवे और रेलवे ट्रैकों तक पानी से लबालब भरे हुए हैं. शहर के विभिन्न हिस्सों में जन-जीवन बुरी तरह से बर्बाद हो गया है.
मौसम विभाग ने बुधवार के लिए मुंबई में भारी बारिश का अनुमान जताया है और येलो अलर्ट जारी किया है. मुंबई के साथ-साथ पूरे राज्य में बारिश का मौसम बने रहने की संभावना है, जिस वजह से महाराष्ट्र के विभिन्न हिस्सों के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
जलभराव से रोजमर्रा की जिंदगी बाधित
मंगलवार तक हुई भारी बारिश ने मुंबई के कई इलाकों में भारी जलभराव हो गया है. सड़कों पर चलना मुश्किल हो गया और सिविल अधिकारियों द्वारा बाढ़ प्रभावित इलाकों में आवाजाही पर रोक लगाने के कारण यात्रियों को ट्रैफिक में रुकावटों का सामना करना पड़ रहा है. एवरार्ड नगर में सबवे पानी से भर गया है. आम लोगों के लिए इसे बंद कर दिया गया है. साकी नाका मेट्रो स्टेशन इलाके सहित शहर के विभिन्न इलाकों की तस्वीरों में पानी ही पानी दिखाई दे रहा है.
नहीं ढूंढ़ पाए समस्या का अस्थाई समाधान
अंधेरी अंडरपास की स्थिति के बारे में बात करते हुए बीएमसी नगर निगम के अधिकारी ऋतिक ने कहा कि हम पानी भरने की इस गंभीर समस्या का कोई अस्थाई समाधान नहीं ढूंढ पाए हैं. हमारे अधिकारी ये सुनिसश्चित करने के लिए यहां तैनात रहते हैं कि गाडिय़ों यहां से न गुजरें. लेकिन कुछ रिक्शा फिर भी अपनी गाडिय़ों को वहां से निकालने की कोशिश करते हैं. एक रिक्शा पानी में फंस भी गया था. ड्राइवर की जान खतरे में थी. हमारे दो अधिकारियों ने उसे बाहर निकालने में मदद की. बीएमसी के अधिकारी ने कहा कि हम पूरी कोशिश कर रहे हैं कि अंडरपास के अंदर कोई भी गाड़ी न जाए. हम ज्यादा से ज्यादा लोगों को बचाने की कोशिश कर रहे हैं.
रेल सेवा जारी रही
बीएमसी ने कहा कि पानी से भरे अंधेरी अंडरपास को छोड़कर सभी सब-वे चालू रहे हैं. जबकि शहर भर में रेल सेवा सामान्य रूप से चलती रही है. जोरदार बारिश के बाद भी वेस्टर्न रेलवे ने पुष्टि की कि सुबह व्यस्त वक्त में हार्बर लाइन और चर्चगेट सहित मुख्य रूट्स पर सबअर्बन ट्रेनें नॉर्मल रूप से चलती रहीं. हालांकि, रातभर हुई बारिश की वजह से मुंबई और नवी मुंबई के विभिन्न हिस्सों में जलभराव भर गया है.
मुंबई में कितनी बारिश हुई?
बीएमसी के बारिश के आंकड़ों के अनुसार, 23 जून को सुबह 8:00 बजे से रात 11:00 बजे के बीच शहर में औसतन 56 एमएम बारिश हुई. वहीं, पूर्वी उपनगरों में 23 एमएम और पश्चिमी उपनगरों में 33 एमएम बारिश दर्ज हुई है. रात 10:00 बजे से 11:00 बजे के बीच, पश्चिमी उपनगरों में विभिन्न जगहों पर अच्छी-खासी बारिश हुई.













