50 साल पुराना मकान गिरा, किशोर की मौत

उज्जैन. मध्य प्रदेश के उज्जैन के हम्मालवाड़ी क्षेत्र में बुधवार 24 जून की सुबह 50 साल पुराना दो मंजिला मकान गिर गया. मलबे में दबने से 12 वर्षीय बच्चे असरान की मौत हो गई, जबकि उसकी नानी खुर्शीद बी गंभीर रूप से घायल हैं. उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
बताया जाता है कि मकान के पास एक नए भवन का निर्माण कार्य चल रहा था. इसके लिए मकान के पास गहरे गड्ढे खोदे गए थे. प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि खुदाई के कारण पुराने मकान की नींव कमजोर हो गई, जिससे उसका पिछला हिस्सा अचानक ढह गया.
जानकारी के अनुसार, असरान अपनी नानी खुर्शीद बी के घर मोहर्रम देखने आया हुआ था. हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया. लोगों ने मलबा हटाकर दोनों को बाहर निकाला. अस्पताल में डॉक्टरों ने असरान को मृत घोषित कर दिया, जबकि खुर्शीद बी की हालत गंभीर बनी हुई है.
एक छोटी बच्ची भी घायल
रिश्तेदार ने बताया कि नीचे खुर्शीद और ऊपर परवीन रहती हैं. दोनों हमारी बहनें लगती हैं. मकान लगभग 50 साल पुराना और कच्चा बना हुआ था. मकान की हालत भी ठीक नहीं थी. मलबे में दबने से भानजे की मौत हो गई. वहीं बहन खुर्शीद और एक छोटी बच्ची घायल है.













