हाईवा की टक्कर से 15 वर्षीय बालक की मौत, पिता गंभीर घायल

सिंगरौली। जिले के जियावन थाना क्षेत्र अंतर्गत लोहरा तिराहा के पास बुधवार सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 15 वर्षीय बालक की मौत हो गई, जबकि उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, छत्रपति सिंह (15) अपने पिता दलप्रताप सिंह (35) के साथ बाइक से अपने गांव से देवसर मुख्यालय जा रहे थे। इसी दौरान लोहरा तिराहा के पास सामने से आ रहे एक हाईवा वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हाईवा गलत दिशा से आ रहा था, जिससे यह हादसा हुआ।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बालक छत्रपति सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पिता दलप्रताप सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल देवसर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल बैढ़न रेफर कर दिया गया।
हादसे के बाद हाईवा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही जियावन थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जियावन थाना प्रभारी शेष नारायण द्विवेदी ने बताया कि फरार हाईवा चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।











