ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

तेज रफ्तार बस की टक्कर से मासूम की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने लगाया जाम

 

सिंगरौली। जिले के बरगवां थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक मासूम बच्चे की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार रात करीब 8 बजे जयसवाल ढाबा के सामने तेज रफ्तार बस ने बच्चे को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। गुस्साए लोगों ने रीवा-सिंगरौली नेशनल हाईवे पर चक्का जाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस की रफ्तार काफी तेज थी और टक्कर इतनी जोरदार थी कि बच्चे ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इस दौरान कुछ लोगों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए बस में तोड़फोड़ कर दी और उसके शीशे फोड़ दिए। स्थिति तनावपूर्ण होने पर हाईवे पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।

सूचना मिलते ही बरगवां थाना पुलिस एवं जिले के वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लोगों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया और जाम हटाने के प्रयास शुरू किए। काफी देर बाद यातायात व्यवस्था बहाल कराई जा सकी।

बरगवां थाना प्रभारी मोहम्मद समीर ने बताया कि मृत बच्चे के शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने बस को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही बस में तोड़फोड़ करने वालों की भी पहचान की जा रही है। पुलिस ने क्षेत्रवासियों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

Author

Related Articles

Back to top button