ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

DMF फंड में ₹1100 करोड़ की अनियमितता का आरोप, AAP ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

 

सिंगरौली। आम आदमी पार्टी मध्यप्रदेश के प्रदेश सचिव राजेश सोनी के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को जिला कलेक्टर सिंगरौली के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर जिला खनिज प्रतिष्ठान (DMF) फंड में कथित अनियमितताओं की उच्च स्तरीय जांच की मांग की।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि पिछले पांच वर्षों के दौरान सिंगरौली जिले के DMF फंड से लगभग ₹1100 करोड़ की राशि नियमों के विपरीत अन्य जिलों में स्थानांतरित की गई है। साथ ही जिले में DMF मद से स्वीकृत विभिन्न विकास कार्यों में भी वित्तीय अनियमितताओं की आशंका जताते हुए तकनीकी एवं भौतिक ऑडिट कराने की मांग की गई है। पार्टी नेताओं ने दावा किया कि ज्ञापन के साथ सरकारी अभिलेखों तथा प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में प्रकाशित रिपोर्टों की प्रतियां भी संलग्न की गई हैं।

राजेश सोनी ने कहा कि सिंगरौली प्रदेश और देश के राजस्व में महत्वपूर्ण योगदान देने वाला खनन क्षेत्र है, जहां की जनता प्रदूषण, विस्थापन, सड़क दुर्घटनाओं और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना कर रही है। उन्होंने कहा कि DMF नियमों के अनुसार खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार जैसे कार्यों पर ही यह राशि खर्च की जानी चाहिए।

उन्होंने आरोप लगाया कि सिंगरौली के हिस्से की राशि को सीहोर, पन्ना, निवाड़ी, डिंडोरी, भोपाल, सागर सहित अन्य जिलों में भेजा गया, जिससे खनन प्रभावित क्षेत्र के लोगों के अधिकार प्रभावित हुए हैं।

ज्ञापन में प्रमुख रूप से सिंगरौली से बाहर भेजी गई पूरी राशि वापस जिले के खाते में जमा कराने, पिछले पांच वर्षों में हुए सभी DMF कार्यों का तकनीकी ऑडिट कराने तथा कथित अनियमितता के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई है।

आम आदमी पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि 15 दिनों के भीतर मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीणों, युवाओं और आदिवासियों के साथ मिलकर जिला मुख्यालय का व्यापक घेराव किया जाएगा।

ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष अनिता बैस, प्रदेश संयुक्त सचिव श्यामसुंदर विश्वकर्मा, अनिता पनिका, दुबराज पाल, बृजेश कुशवाहा, सत्यम कुशवाहा, सचितानंद कुशवाहा, सुशील शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button