बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

बलियरी की रेण नदी में अवैध रेत उत्खनन का आरोप, दो दर्जन से अधिक ट्रैक्टर सक्रिय

 

सिंगरौली। बैढ़न थाना क्षेत्र के ग्राम बलियरी स्थित रेण नदी में बड़े पैमाने पर अवैध रेत उत्खनन और परिवहन किए जाने के आरोप सामने आए हैं। स्थानीय सूत्रों के अनुसार नदी से प्रतिदिन भारी मात्रा में रेत निकाली जा रही है, जबकि संबंधित विभागों की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक रेण नदी में दो दर्जन से अधिक ट्रैक्टर अवैध रेत के कारोबार में लगे हुए हैं। आरोप है कि रात के अंधेरे से लेकर दिन के उजाले तक लगातार रेत का उत्खनन और परिवहन किया जा रहा है। सूत्रों का दावा है कि प्रतिदिन लगभग 150 से 200 ट्रॉली रेत नदी से निकाली जा रही है, जिससे शासन को राजस्व हानि होने के साथ-साथ पर्यावरणीय नुकसान भी पहुंच रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अवैध रूप से निकाली गई रेत का बड़े पैमाने पर भंडारण भी किया जा रहा है, ताकि बरसात के मौसम में अधिक कीमत पर बिक्री कर मुनाफा कमाया जा सके। बताया जा रहा है कि वर्तमान में रेत 2500 से 3000 रुपये प्रति ट्रॉली तक बेची जा रही है।

ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि लगातार हो रहे अवैध उत्खनन से नदी के प्राकृतिक स्वरूप पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है तथा तटों के कटाव और पर्यावरणीय असंतुलन की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। स्थानीय नागरिकों ने खनिज विभाग और पुलिस प्रशासन से मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई तथा नदी घाटों पर नियमित निगरानी की मांग की है।

अब सभी की नजर जिला प्रशासन और खनिज विभाग की आगामी कार्रवाई पर टिकी है कि अवैध रेत कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।

Author

Related Articles

Back to top button