कृषकों को निरंतर मिल रहा है पीएम किसान सम्मान निधि का लाभ

सिंगरौली-तहसीलदार सिंगरौली द्वारा वस्तुस्थिति से अवगत कराया गया है कि दैनिक भास्कर समाचार पत्र में प्रकाशित समाचार के विपरीत, ग्राम हरहवा के सभी पात्र कृषकों को पीएम किसान सम्मान निधि योजना का लाभ सुचारू रूप से और निरंतर मिल रहा है। वास्तविक तथ्य यह है कि वर्ष 2020-21 के दौरान पीएम किसान सम्मान निधि की एक एक्सएमएल फाइल त्रुटिवश जिला अशोकनगर के छतरपुर गांव से मैप हो गई थी, जिसका सुधार कराया जा चुका है और वर्तमान में कोई भी खसरा जिला अशोकनगर से मैप नहीं है।
इसके साथ ही, एक ही राजस्व ग्राम के दो एलजीडी कोड प्रदर्शित होने के कारण फॉर्मर रजिस्ट्री में जो तकनीकी समस्या आ रही थी, उसका त्वरित निराकरण करते हुए फॉर्मर रजिस्ट्री पोर्टल पर नए ग्राम हरहवा के एलजीडी कोड को अपडेट करने की कार्रवाई कर ली गई है, जिससे आगामी दो दिवस में फॉर्मर रजिस्ट्री बनाए जाने का कार्य पूर्ण करा लिया जाएगा। क्षेत्र में अन्य सभी राजस्व सेवाएं जैसे नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन तथा गिरदावरी भी सुचारू रूप से संचालित हैं।











