देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

मन की बात: योग में भारत दुनिया में नंबर-1, 114 पदक जीते; पीएम मोदी ने विज्ञान, पर्यावरण और संस्कृति पर दिया जोर

 

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 135वें एपिसोड में देशवासियों को संबोधित करते हुए योग, रक्षा, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, विज्ञान और भारतीय संस्कृति सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि भारत योग के क्षेत्र में पूरे विश्व में अग्रणी बन चुका है और भारतीय खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में 114 पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत रक्षा क्षेत्र में भी तेजी से आत्मनिर्भर बन रहा है। उन्होंने हाल ही में सफलतापूर्वक परीक्षण की गई जमीन से हवा में मार करने वाली मिसाइलों और देश में ही 40 सी-295 मालवाहक विमानों के निर्माण का उल्लेख किया।

अपने संबोधन में पीएम मोदी ने अंधविश्वास से दूर रहकर वैज्ञानिक सोच अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि बिना तथ्यों के किसी भी बात पर विश्वास करना समाज और व्यक्ति दोनों के लिए नुकसानदायक हो सकता है।

उन्होंने असम में विलुप्ति की कगार पर पहुंचे हरगिला पक्षी के संरक्षण के प्रयासों की सराहना करते हुए बताया कि आज हजारों महिलाएं “हरगिला आर्मी” बनकर इसके संरक्षण में जुटी हैं।

प्रधानमंत्री ने बताया कि केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, दिल्ली में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डेटा साइंस की पढ़ाई शुरू होने से भारतीय भाषाओं के लिए आधुनिक तकनीक विकसित होगी तथा प्राचीन ग्रंथों के डिजिटलीकरण को गति मिलेगी। साथ ही उन्होंने मध्य प्रदेश के राजगढ़ में महिलाओं द्वारा प्लास्टिक कचरे से इको-ईंटें बनाने की पहल को पर्यावरण संरक्षण का प्रेरणादायी उदाहरण बताया। पीएम मोदी ने देशवासियों से छोटे-छोटे सकारात्मक प्रयासों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

Author

Related Articles

Back to top button