चंबा में दर्दनाक सड़क हादसा: गहरी खाई में गिरी कार, चार लोगों की मौत

चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के तीसा उपमंडल में रविवार को एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। नकरोड़-हिमगिरि डैम मार्ग पर देर रात एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना सुनसान क्षेत्र में होने के कारण रातभर किसी को इसकी जानकारी नहीं मिल सकी। रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने खाई में गिरी कार को देखा और पुलिस व प्रशासन को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस, अग्निशमन विभाग और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से दुर्गम खाई में राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद कार में सवार चारों लोगों के शव बाहर निकाले गए। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतकों की पहचान और वाहन मालिक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय विधायक डॉ. हंसराज भी घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने तथा मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि कार दुर्घटना में चार लोगों की मौत हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक आशंका है कि चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके कारण कार गहरी खाई में जा गिरी।













