राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: आरोपियों के ठिकानों पर पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी, साक्ष्य जुटाने में जुटी जांच टीम

अयोध्या। राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी के मामले में पुलिस ने जांच तेज करते हुए आरोपियों के संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की कई टीमें अयोध्या में आरोपियों के घरों पर पहुंचीं और सघन तलाशी अभियान चलाया।
पुलिस ने अनुकल्प मिश्रा, लव कुश मिश्रा, मुख्य आरोपी रमाशंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव, मनीष यादव, करुणेश पांडे और रमाशंकर मिश्रा के आवासों की बारीकी से तलाशी ली। इस दौरान जांच टीमों ने मामले से जुड़े दस्तावेजों और अन्य संभावित साक्ष्यों को एकत्र करने का प्रयास किया।
जांच अधिकारियों के अनुसार, चढ़ावा चोरी प्रकरण के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी की घटना में किन-किन लोगों की भूमिका रही और इसके पीछे कोई संगठित नेटवर्क तो सक्रिय नहीं था।
पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों और जांच के आधार पर सभी आरोपियों की भूमिका तय की जाएगी तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस जल्द पूरे प्रकरण का खुलासा करने का दावा कर रही है।













