उद्यम क्रांति योजना से बदली विवेक की तकदीर: स्वरोजगार से बने आत्मनिर्भर, हर माह 50 हजार की आमदनी

सिंगरौली -मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना युवाओं के लिए आत्मनिर्भरता की मजबूत आधारशिला साबित हो रही है। इस योजना का लाभ उठाकर सिंगरौली जिले के गोरबी निवासी विवेक देव पाण्डेय सफल व्यवसायी बनने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहे हैं।
विवेक देव पाण्डेय ने बताया कि वे लंबे समय से स्वरोजगार स्थापित करने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान उद्योग विभाग से उन्हें मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना की जानकारी मिली। योजना के अंतर्गत उन्होंने जनरल स्टोर खोलने के लिए आवेदन किया। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, गोरबी शाखा के माध्यम से उन्हें 8 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत हुआ। इस राशि से उन्होंने बरगवां क्षेत्र में जनरल स्टोर की स्थापना की।
विवेक ने बताया कि वर्तमान में उनके व्यवसाय से हर माह लगभग 50 हजार रुपये की आमदनी हो रही है, जिससे वे अपने परिवार का भली-भांति पालन-पोषण कर पा रहे हैं। साथ ही वे नियमित रूप से बैंक की किश्त भी जमा कर रहे हैं। विवेक का कहना है कि मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना ने उन्हें आर्थिक आत्मनिर्भरता प्रदान की है।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना मध्यप्रदेश सरकार की एक प्रमुख स्वरोजगार योजना है। इसके अंतर्गत विनिर्माण क्षेत्र के लिए 1 लाख से 50 लाख रुपये तथा सेवा और व्यापार के लिए 1 लाख से 25 लाख रुपये तक का ऋण 7 वर्षों के लिए 3 प्रतिशत वार्षिक ब्याज सब्सिडी के साथ प्रदान किया जाता है। इस योजना का लाभ न्यूनतम 8वीं पास, 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के नागरिक ले सकते हैं।













