ब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

इंदौर-उज्जैन मार्ग पर बस पलटी, 20 से अधिक यात्री घायल; 6 की हालत गंभीर

 

उज्जैन। इंदौर से उज्जैन जा रही एक यात्री बस शनिवार देर रात नानाखेड़ा थाना क्षेत्र के तपोभूमि के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 20 से अधिक यात्री घायल हो गए, जिनमें छह की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद एमवाय अस्पताल भेजा गया।

पुलिस के अनुसार हादसा रात करीब 1 से 1:30 बजे के बीच गधा टेकरी के पास हुआ। सपना ट्रेवल्स की बस इंदौर से उज्जैन के नानाखेड़ा बस स्टैंड की ओर जा रही थी। इसी दौरान बस अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई और पलट गई। हादसे के समय तेज बारिश हो रही थी तथा बस में क्षमता से अधिक यात्री सवार होने की भी बात सामने आई है।

दुर्घटना के बाद बस में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्री सीटों के नीचे दब गए, जिन्हें स्थानीय लोगों ने बस के शीशे तोड़कर बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची तथा घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

बस चालक ने हादसे के लिए ब्रेक फेल होने की बात कही है। वहीं कुछ यात्रियों ने चालक पर मोबाइल फोन पर बात करने और लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया है। कुछ यात्रियों ने चालक के शराब के नशे में होने की भी आशंका जताई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Author

Related Articles

Back to top button