बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

वाराणसी से लौटते समय कटनी का परिवार हादसे का शिकार, ट्रक में घुसी कार; दंपति की मौत, चार घायल

 

मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में वाराणसी से दर्शन कर लौट रहे मध्य प्रदेश के कटनी निवासी एक परिवार की कार सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से घुस गई। भीषण हादसे में पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।

पुलिस के अनुसार दुर्घटना शनिवार देर रात ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के लहुरियादह गांव के पास हुई। कटनी जिले का यह परिवार काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन कर अपने घर लौट रहा था। देर रात हाईवे पर खड़े ट्रक को कार चालक समय पर नहीं देख सका और कार अनियंत्रित होकर ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।

हादसे में विकास और उनकी पत्नी सोनम की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार चालक हीरालाल, बच्चे हिमांशु, सक्षम और राधा घायल हो गए, जिनमें राधा की हालत गंभीर बताई जा रही है। मृतक दंपति के दो छोटे बेटे शिवांश और रुद्र सुरक्षित बच गए।

सूचना मिलने पर ड्रमंडगंज पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा परिजनों को सूचना दे दी गई है।

लालगंज क्षेत्राधिकारी अमर बहादुर ने बताया कि खड़े ट्रक में कार के पीछे से टकराने के कारण यह हादसा हुआ। ट्रक चालक मौके से फरार हो गया है, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Author

Related Articles

Back to top button