गीत-संगीत के माध्यम से साइबर सुरक्षा का संदेश, मोरवा पुलिस का जागरूकता अभियान
'सेफ क्लिक 2.0' अभियान के तहत सांस्कृतिक कार्यक्रम, ऑनलाइन ठगी से बचने के बताए प्रभावी उपाय

सिंगरौली। सिंगरौली पुलिस द्वारा संचालित ‘सेफ क्लिक 2.0’ साइबर जागरूकता अभियान के अंतर्गत रविवार शाम मोरवा थाना पुलिस ने बस स्टैंड स्थित शिव मंदिर प्रांगण में सांस्कृतिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में गीत-संगीत के माध्यम से लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में शिक्षक अशोक कुमार पांडे एवं उनके सहयोगी कलाकारों ने साइबर सुरक्षा पर आधारित गीतों की प्रस्तुति देकर लोगों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, डिजिटल अरेस्ट, ओटीपी साझा करने तथा बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने का संदेश दिया। साथ ही बताया कि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
इस अवसर पर शिक्षक अशोक कुमार पांडे ने कहा कि मोरवा थाना प्रभारी डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह की सतर्कता एवं त्वरित कार्रवाई के कारण क्षेत्र के कई लोग साइबर ठगी का शिकार होने से बच सके हैं। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि किसी भी अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक या लालच देने वाले ऑनलाइन संदेशों पर विश्वास न करें और अपनी बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
मोरवा पुलिस ने बताया कि ‘सेफ क्लिक 2.0’ अभियान के तहत आगामी दिनों में भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों, जनसंवाद और अन्य माध्यमों से लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक नागरिक डिजिटल अपराधों से सुरक्षित रह सकें।













