घने कोहरे में ट्रक ने कार को मारी टक्कर, एक ही परिवार के चार की मौत

ग्वालियर। एमपी के ग्वालियर में भिंड रोड हाईवे पर मंगलवार सुबह घने कोहरे के बीच भीषण सड़क हादसा हो गया। बंटू ढाबा के सामने तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि कार सवार एक ही परिवार के चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में दो महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार सभी मृतक भिंड जिले के निवासी थे और भिंड से ग्वालियर की ओर जा रहे थे। सुबह करीब 8 बजे उनकी कार जैसे ही बंटू ढाबा के पास पहुंची, पीछे से आ रहे ट्रक ने उसे रौंद दिया। टक्कर के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क के दाहिने हिस्से में झाड़ियों में जा घुसा।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। चारों शवों को कार से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह घना कोहरा और तेज रफ्तार बताई जा रही है। पुलिस ट्रक चालक की तलाश कर रही है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।













