खेत की जाली उखाड़ने का विरोध पड़ा भारी, मारपीट और जान से मारने की धमकी का आरोप
सीमांकन के बाद हुए विवाद में पुलिस कार्रवाई पर सवाल, पीड़ित बोला- शिकायत के बावजूद दर्ज नहीं हुआ मामला

सिंगरौली। सरई थाना क्षेत्र की बरका पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम पुरैल में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच तनाव का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि खेत की सुरक्षा के लिए लगाई गई जाली उखाड़ने का विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई, जान से मारने की धमकी दी गई और शिकायत के बावजूद पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की।
शिकायतकर्ता निरेश यादव के अनुसार, भूमि का सीमांकन होने के बाद उन्होंने अपनी कृषि भूमि की सुरक्षा के लिए चारों ओर जाली लगवाई थी। रविवार सुबह करीब 9 बजे दूसरे पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और जाली हटाने लगे। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया। उनका आरोप है कि इस दौरान टांगी के पिछले हिस्से से हमला किया गया, जिससे उन्हें चोटें आईं। इसके बाद खेत में लगी जाली भी उखाड़ दी गई। उन्होंने दावा किया कि पूरी घटना का वीडियो भी उनके पास मौजूद है।
घटना की सूचना डायल-112 के माध्यम से पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। शिकायतकर्ता का आरोप है कि पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपियों ने अपने हथियार छिपा दिए। इसके बाद उन्होंने बरका पुलिस चौकी में लिखित शिकायत भी दी, लेकिन अब तक कोई मामला दर्ज नहीं किया गया।
निष्पक्ष जांच नहीं होने का लगाया आरोप
शिकायतकर्ता का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्य होने के बावजूद पुलिस ने निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की। उनका आरोप है कि मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया, जिससे उन्हें न्याय मिलने की उम्मीद कमजोर पड़ रही है।
चौकी प्रभारी बोले- सामान्य विवाद, जांच जारी
मामले में बरका चौकी प्रभारी नुपेंद्र सिंह ने बताया कि यह दो पक्षों के बीच जमीन को लेकर हुआ सामान्य विवाद है। उन्होंने किसी बड़े झगड़े या गंभीर घटना से इनकार करते हुए कहा कि पुलिस शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल मामला शिकायतकर्ता के आरोपों और पुलिस के प्रारंभिक बयान तक सीमित है। पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति पुलिस जांच पूरी होने और दोनों पक्षों के बयान सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।










