बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

टीएचडीसी के खिलाफ विस्थापितों का आंदोलन जारी, एक सप्ताह में समाधान का आश्वासन

रोजगार, मुआवजा, पुनर्वास, अस्पताल व स्कूल सहित लंबित मांगों पर हुई वार्ता; मांगें पूरी नहीं होने पर कंपनी का काम ठप करने की चेतावनी

सिंगरौली। बरगवां तहसील अंतर्गत ग्राम पचौर में टीएचडीसी परियोजना से प्रभावित एवं विस्थापित ग्रामीणों का धरना-प्रदर्शन रविवार को भी जारी रहा। कंपनी द्वारा पूर्व में किए गए वादों के पूरा नहीं होने से नाराज ग्रामीण अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन पर डटे हुए हैं। उनका कहना है कि जब तक समस्याओं का ठोस समाधान नहीं होगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
धरना स्थल पर एसडीएम देवसर एवं पचौर के पटवारी विश्वनाथ परिहार की मौजूदगी में कंपनी प्रबंधन और प्रभावित ग्रामीणों के प्रतिनिधियों के बीच वार्ता हुई। बैठक में रोजगार, उचित मुआवजा, पुनर्वास, अस्पताल, विद्यालय तथा अन्य लंबित मांगों को प्रमुखता से उठाया गया। प्रभावितों ने कहा कि वर्षों से इन मुद्दों पर केवल आश्वासन मिल रहे हैं, जबकि धरातल पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।

वार्ता के दौरान कंपनी प्रबंधन ने आश्वासन दिया कि प्रभावित एवं विस्थापित परिवारों की प्रमुख मांगों के निराकरण की दिशा में गंभीरता से कार्रवाई करते हुए एक सप्ताह के भीतर समाधान का प्रयास किया जाएगा। हालांकि ग्रामीण इस आश्वासन से पूरी तरह संतुष्ट नजर नहीं आए और उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि तय समय-सीमा में मांगों का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

धरनास्थल पर मौजूद ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने की स्थिति में टीएचडीसी के सभी कार्य बंद कराए जाएंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी कंपनी प्रबंधन की होगी।बैठक में सरपंच संघ अध्यक्ष देवेंद्र पाठक, जिला जनपद सदस्य सविता सिंह, ग्राम पंचायत पचौर के सरपंच मुन्नीलाल रावत, कांग्रेस जिला अध्यक्ष राकेश द्विवेदी, कांग्रेस महामंत्री उपेंद्र द्विवेदी, पूर्व जनप्रतिनिधि श्याम कार्तिक दुबे, इंटक अध्यक्ष विद्यासागर बैस, पूर्व सरपंच सी.एम. सिंह, कंपनी हेड मित्तल, प्रबंधक राजेंद्र सिंह सहित कंपनी के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में प्रभावित एवं विस्थापित ग्रामीण उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button