नशे में वाहन चलाने वालों पर यातायात पुलिस का शिकंजा
मध्यरात्रि अभियान में 10 चालक पकड़े गए, छह माह में 100 से अधिक पर कार्रवाई, ₹11.50 लाख से ज्यादा जुर्माना

सिंगरौली। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सिंगरौली यातायात पुलिस द्वारा शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में रविवार और सोमवार की मध्यरात्रि को शहर के प्रमुख मार्गों एवं चौराहों पर औचक चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें शराब के नशे में वाहन चला रहे 10 वाहन चालकों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई।

पुलिस अधीक्षक षियाज़ के.एम. (भा.पु.से.) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा एवं नगर पुलिस अधीक्षक उमेश प्रजापति के मार्गदर्शन में यातायात थाना पुलिस ने देर रात विभिन्न स्थानों पर बैरिकेडिंग कर वाहनों की जांच की। इस दौरान संदिग्ध चालकों का ब्रेथ एनालाइजर एवं आवश्यकतानुसार मेडिकल परीक्षण कराया गया। शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए सभी चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई। साथ ही उनके ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन के लिए संबंधित परिवहन विभाग को भी प्रकरण भेजे जाएंगे।
यातायात पुलिस के अनुसार जनवरी से जून 2026 के बीच जिले में शराब पीकर वाहन चलाने वाले 100 से अधिक वाहन चालकों पर कार्रवाई की जा चुकी है। इन मामलों में माननीय न्यायालय द्वारा अब तक 11 लाख 50 हजार रुपये से अधिक का जुर्माना अधिरोपित किया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शराब के नशे में वाहन चलाना सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण है, जिससे चालक के साथ-साथ अन्य लोगों का जीवन भी गंभीर खतरे में पड़ जाता है। इसी वजह से जिले में यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि यदि उन्होंने शराब का सेवन किया है तो किसी भी स्थिति में स्वयं वाहन न चलाएं। ऐसी स्थिति में टैक्सी, कैब, सार्वजनिक परिवहन अथवा किसी जिम्मेदार व्यक्ति की सहायता लें। पुलिस का कहना है कि उसका उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाकर सुरक्षित यातायात व्यवस्था स्थापित करना है।










