निवास पुलिस की बड़ी कार्रवाई: गोपद नदी से अवैध रेत परिवहन पर शिकंजा, दो ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त
₹5.55 लाख की रेत व वाहन जब्त, खनिज माफियाओं के खिलाफ पुलिस का अभियान तेज
सिंगरौली। जिले में अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सरई थाना अंतर्गत निवास चौकी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो बिना नंबर के महिंद्रा ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए हैं। पुलिस ने दोनों वाहनों में अवैध रूप से परिवहन की जा रही रेत सहित कुल ₹5.55 लाख की संपत्ति जब्त कर आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस अधीक्षक शियाज के.एम. के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी देवसर गायत्री तिवारी के नेतृत्व में जिलेभर में अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत सोमवार को निवास चौकी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम हर्दी स्थित गोपद नदी से अवैध रूप से रेत निकालकर ट्रैक्टर-ट्रॉली के माध्यम से परिवहन किया जा रहा है।
सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। कार्रवाई के दौरान दो लाल रंग के बिना नंबर महिंद्रा ट्रैक्टर-ट्रॉली अवैध रेत परिवहन करते पाए गए। पुलिस ने दोनों वाहनों को रोककर उनमें लदी रेत सहित जब्त कर लिया।
पुलिस के अनुसार जब्त किए गए दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉली की अनुमानित कीमत ₹5.50 लाख तथा लदी हुई रेत का मूल्य लगभग ₹5 हजार है। इस प्रकार कुल ₹5.55 लाख की संपत्ति जब्त की गई है।
इस मामले में अपराध क्रमांक 89/2026 एवं 90/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2), 317(5) तथा खनिज अधिनियम की धारा 4/21 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि अवैध खनिज कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक त्रिवेणी पाल, आरक्षक ज्ञान सिंह (736), सतेंद्र पाण्डेय (495) एवं रविराज सिंह (520) की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम की तत्परता और प्रभावी कार्रवाई की सराहना की है।










