बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

बरका चौकी पुलिस की कार्रवाई: अवैध रेत परिवहन करते ट्रैक्टर पर शिकंजा

बिना नंबर का ट्रैक्टर जब्त, चालक के खिलाफ मामला दर्ज, ₹5.05 लाख की संपत्ति जप्त

सिंगरौली। जिले में अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सरई थाना अंतर्गत बरका चौकी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेत से भरा एक बिना नंबर का ट्रैक्टर जब्त किया है। पुलिस ने वाहन चालक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।

पुलिस अधीक्षक शियाज के.एम. (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी देवसर श्रीमती गायत्री तिवारी के नेतृत्व में जिलेभर में अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बरका चौकी पुलिस ने सोमवार देर रात मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की।
पुलिस को सूचना मिली थी कि बिना नंबर का एक ट्रैक्टर अवैध रूप से रेत का परिवहन कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। जांच के दौरान नीले रंग का स्वराज 735 एफ.ई. कंपनी का ट्रैक्टर ट्रॉली सहित पकड़ा गया, जिसमें पूरी मात्रा में अवैध रेत लोड थी।

पूछताछ में चालक की पहचान राजू यादव, पिता बाबूलाल यादव, निवासी सरईटोला, थाना सरई के रूप में हुई। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली एवं उसमें लदी रेत को विधिवत जब्त कर लिया। जब्त वाहन एवं रेत की कुल अनुमानित कीमत करीब ₹5.05 लाख बताई गई है।

इस मामले में अपराध क्रमांक 93/2026 दर्ज कर आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) एवं 317(5) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि अवैध रेत कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

इस प्रभावी कार्रवाई में थाना प्रभारी सरई राकेश साहू, प्रधान आरक्षक माधव प्रताप सिंह, आरक्षक मनीष ठाकुर एवं जुझार मीणा की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने टीम की तत्परता और प्रभावी कार्रवाई की प्रशंसा की है।

Author

Related Articles

Back to top button