मध्यप्रदेश अमेच्योर कुराश एसोसिएशन को मिला नया नेतृत्व
विवेक स्वामी बने अध्यक्ष, राहुल व्यास संभालेंगे महासचिव की जिम्मेदारी; इंदौर में सर्वसम्मति से हुआ निर्वाचन

सिंगरौली। मध्यप्रदेश अमेच्योर कुराश एसोसिएशन के नवीन पदाधिकारियों का निर्वाचन रविवार को इंदौर स्थित होटल प्रवासा में आयोजित साधारण सभा की बैठक में संपन्न हुआ। निर्वाचन प्रक्रिया द इंडियन कुराश एसोसिएशन के अध्यक्ष रवि कपूर की मौजूदगी और पर्यवेक्षण में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई, जिसमें प्रदेशभर से आए जिला प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
निर्वाचन में भोपाल के विवेक स्वामी को एसोसिएशन का अध्यक्ष तथा इंदौर के राहुल व्यास को महासचिव निर्वाचित किया गया। वहीं उपाध्यक्ष पद पर डॉ. अमित पोरवाल, गोपाल पालीवाल, बिट्टू शर्मा, अमित अग्रवाल और धर्मेंद्र रघुवंशी चुने गए। कैलाश बाथम को कोषाध्यक्ष तथा विक्रम सिंह दांगी, हरीश टेलर, वैशाली तिवारी, महेश पुरोहित और ब्रजेश धुरेंटे संयुक्त सचिव निर्वाचित हुए। सदस्य पद पर अमित रावल सहित अन्य प्रतिनिधियों का भी निर्वाचन किया गया।बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों से सचिव एवं प्रतिनिधि शामिल हुए। इनमें विभोर बबेले, जतिन प्रजापत, फाल्के, राहुल ठाकुर, राखी राजपूत, प्रशांत कुशवाह, कपिल खरे और अजय कुंभकार प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। सभी सदस्यों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर द इंडियन कुराश एसोसिएशन के अध्यक्ष रवि कपूर ने कहा कि मध्यप्रदेश में संगठनात्मक एकजुटता और पारदर्शी कार्यप्रणाली सराहनीय है। उन्होंने कहा कि सदस्यों ने जिस विश्वास के साथ विवेक स्वामी और राहुल व्यास को नेतृत्व सौंपा है, वे निश्चित रूप से उस भरोसे पर खरे उतरेंगे और प्रदेश में कुराश खेल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।
उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों से अपने-अपने जिलों में कुराश खेल के प्रचार-प्रसार पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया। साथ ही राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि इससे खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ेगा और अधिक युवा इस खेल से जुड़ेंगे।अंत में सिंगरौली जिला कुराश एसोसिएशन ने भी सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल एवं प्रदेश में कुराश खेल के व्यापक विकास की कामना की।










