बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

पुलिस कर्मियों को आपातकालीन जीवनरक्षक तकनीकों का दिया गया व्यावहारिक प्रशिक्षण

सीपीआर, ट्रॉमा प्रबंधन एवं प्राथमिक उपचार के वैज्ञानिक तरीकों से कराया गया अवगत

सिंगरौली,-इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी, सिंगरौली द्वारा संचालित सेंट जॉन एम्बुलेंस (इंडिया) के तत्वावधान में पुलिस अधीक्षक कार्यालय, सिंगरौली में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए व्यापक प्राथमिक चिकित्सा (फर्स्ट एड) प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन श्री एस.डी. सिंह एवं सचिव डॉ. ओ.पी. राय के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

प्रशिक्षण के दौरान रेडक्रॉस के फर्स्ट एड ट्रेनर डॉ. सुशील सिंह चंदेल ने प्रतिभागियों को सड़क दुर्घटनाओं, हृदयाघात, स्ट्रोक, चोकिंग, सर्पदंश, जलने, विषाक्तता, फ्रैक्चर, स्पाइनल इंजरी सहित विभिन्न चिकित्सकीय आपातकालीन परिस्थितियों में प्राथमिक उपचार की वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक जानकारी प्रदान की। विशेष रूप से कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन (सीपीआर) का डेमो एवं डम्मी पर व्यावहारिक अभ्यास कराया गया, जिससे प्रतिभागियों ने जीवनरक्षक तकनीकों का प्रत्यक्ष प्रशिक्षण प्राप्त किया।

इसके साथ ही स्ट्रेचर तकनीक, अस्थायी स्ट्रेचर निर्माण, बैंडेजिंग, स्प्लिंटिंग, घावों की देखभाल तथा अन्य आवश्यक प्राथमिक उपचार विधियों का भी प्रशिक्षण दिया गया । प्रशिक्षण में रक्तदान के महत्व एवं आवश्यकता के संबंध में भी जागरूक किया गया।
पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रशिक्षण में उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए इसे अत्यंत उपयोगी एवं व्यवहारिक बताया तथा भविष्य में भी ऐसे प्रशिक्षण नियमित रूप से आयोजित किए जाने की आवश्यकता व्यक्त की। कार्यक्रम के सफल संचालन एवं समन्वय में जय प्रकाश दुबे का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने की क्षमता विकसित करने के साथ-साथ समाज में सेवा, सुरक्षा एवं मानवता के प्रति जागरूकता को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ।

Author

Related Articles

Back to top button