अस्पतालों से गांव तक पहुंचा ‘सेफ क्लिक-2026’, साइबर सुरक्षा का दिया संदेश
स्वास्थ्य संस्थानों में डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ, मरीज और ग्रामीणों को ऑनलाइन ठगी से बचने के बताए उपाय, मोरवा में गीत-संगीत से किया जागरूक

सिंगरौली। साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए सिंगरौली पुलिस का ‘SAFE CLICK-2026 अभियान 2.0’ लगातार गति पकड़ रहा है। अभियान के छठवें दिन मंगलवार को जिले के अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और जनसेवा संस्थानों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ, स्वास्थ्य कर्मियों, मरीजों और आम नागरिकों को डिजिटल ठगी से बचाव के उपाय बताए गए।
पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक सियाज के.एम. के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रमों में डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कॉल, ओटीपी फ्रॉड, यूपीआई धोखाधड़ी, बैंकिंग फ्रॉड और सोशल मीडिया ठगी जैसे साइबर अपराधों के प्रति लोगों को सतर्क किया गया। साथ ही राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 और एनसीआरपी पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई।
एनटीपीसी विंध्याचल अस्पताल में दिलाई साइबर सुरक्षा की शपथ
थाना विंध्यनगर द्वारा एनटीपीसी के विंध्याचल अस्पताल सभागार में आयोजित कार्यक्रम में विशेषज्ञ चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, पैथोलॉजी कर्मचारियों एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मियों को साइबर सुरक्षा की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में जागरूकता फिल्म का प्रदर्शन कर बैंकिंग फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट और सोशल मीडिया ठगी से बचाव के व्यावहारिक उपाय बताए गए।
जिलेभर के अस्पतालों में चले जागरूकता अभियान
अभियान के तहत निगाही अस्पताल, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरका, जिला अस्पताल एवं ट्रॉमा सेंटर बैढ़न, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चितरंगी, सरई, खुटार, स्वास्थ्य केंद्र नगमा तथा नेहरू शताब्दी चिकित्सालय जयंत में भी साइबर सुरक्षा कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्वास्थ्य कर्मियों के साथ मरीजों एवं उनके परिजनों को भी सुरक्षित डिजिटल लेनदेन, मजबूत पासवर्ड, टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन तथा बैंकिंग जानकारी गोपनीय रखने की सलाह दी गई।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी पहुंची साइबर जागरूकता
पुलिस चौकी तिनगुड़ी ने स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ ग्राम तिनगुड़ी में संयुक्त अभियान चलाकर ग्रामीणों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी के साथ साइबर सुरक्षा का संदेश दिया। वहीं चौकी सासन द्वारा ग्राम तियरा में आयोजित कार्यक्रम में 50 से अधिक ग्रामीणों को ऑनलाइन ठगी और डिजिटल अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
मोरवा में गीत-संगीत से दिया साइबर सुरक्षा का संदेश
मोरवा के शिव मंदिर परिसर में आयोजित विशेष कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहा। थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में संगीतकार अशोक पांडे एवं उनकी टीम ने साइबर सुरक्षा पर आधारित गीतों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं और आमजन को ऑनलाइन ठगी, डिजिटल अरेस्ट, ओटीपी फ्रॉड और फर्जी लिंक से बचने का संदेश दिया। मनोरंजन के साथ जागरूकता का यह अनूठा प्रयास लोगों को खूब पसंद आया।
पुलिस की अपील
सिंगरौली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, यूपीआई पिन, सीवीवी अथवा बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें। डिजिटल अरेस्ट, केवाईसी अपडेट, निवेश या लॉटरी के नाम पर आने वाले फर्जी कॉल एवं संदेशों से सतर्क रहें। किसी भी साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें अथवा www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।
पुलिस का कहना है कि जागरूक नागरिक ही साइबर अपराध मुक्त समाज की सबसे मजबूत कड़ी हैं और इसी उद्देश्य से ‘सेफ क्लिक-2026’ अभियान के तहत जिलेभर में लगातार जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।










