यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा: ट्रेलर से टकराई वोल्वो बस, 4 यात्रियों की मौत, 19 घायल

मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में चार यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 19 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा राया थाना क्षेत्र में माइलस्टोन-112 के पास उस समय हुआ, जब लखनऊ से नोएडा जा रही एक तेज रफ्तार वोल्वो बस आगे चल रहे ट्रेलर से जा टकराई।
सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर एम्बुलेंस के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों का उपचार जारी है, जबकि गंभीर रूप से घायल कुछ यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किए जाने की जानकारी है।
पुलिस के अनुसार हादसे के समय बस में करीब 65 यात्री सवार थे। अधिकांश यात्री सो रहे थे, जिससे टक्कर के बाद बस में अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चार यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर उनकी पहचान कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और आगे चल रहे ट्रेलर से बस की टक्कर को हादसे का कारण माना जा रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।













