देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

जल संकट से निपटने निगम अलर्ट, परियट जलाशय पहुंचे आयुक्त; पेयजल व्यवस्था का लिया जायजा

 

जबलपुर। शहर में मानसून की धीमी रफ्तार के बीच संभावित जल संकट से निपटने के लिए नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार सुबह नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार स्वयं अधिकारियों की टीम के साथ परियट जलाशय पहुंचे और वहां चल रहे कार्यों एवं पेयजल व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को जलापूर्ति से जुड़े सभी कार्य समयबद्ध और गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने जलाशय में संचालित तकनीकी कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और कहा कि शहरवासियों को नियमित एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने तथा जलापूर्ति व्यवस्था को निर्बाध बनाए रखने के निर्देश दिए।

नगर निगम के अनुसार परियट जलाशय में पेयजल आपूर्ति को मजबूत करने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य किया जा रहा है। इसके लिए 45 सदस्यीय विशेष टीम के साथ आधुनिक मशीनरी तैनात की गई है, जो लगातार तकनीकी कार्यों में जुटी हुई है, ताकि शहर में पानी की आपूर्ति प्रभावित न हो।

इस दौरान कार्यपालन यंत्री (जल) कमलेश श्रीवास्तव, जी.एस. मरावी, सहायक यंत्री राजेश खंपरिया, अनुराग पाठक, अंकुर नाग, अमजद खान मंसूरी सहित तकनीकी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने मौके पर कार्यों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश प्राप्त किए।

निरीक्षण के बाद निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने अधिकारियों के साथ परियट स्थित मंदिर में भगवान भोलेनाथ, हनुमान जी और इंद्र देव की पूजा-अर्चना कर अच्छी वर्षा तथा शहर में निर्बाध पेयजल उपलब्धता की कामना भी की। नगर निगम का कहना है कि मानसून की स्थिति को देखते हुए जलापूर्ति व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Author

Related Articles

Back to top button