कटंगी बायपास पर दर्दनाक हादसा: खड़े ट्रक से टकराई बाइक, पिता की मौत, बेटी गंभीर घायल

जबलपुर। शहर के कटंगी बायपास स्थित पांडा ढाबा के सामने मंगलवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। दुर्घटना उस समय हुई, जब तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से पीछे जा टकराई।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान राजेंद्र ठाकुर (50), पिता भाव सिंह ठाकुर, निवासी गोसलपुर के रूप में हुई है। वह अपनी बेटी आकांक्षा के साथ जबलपुर से अपने घर लौट रहे थे। कटंगी बायपास पर पांडा ढाबा के सामने उनकी बाइक (एमपी-20 एमएफ-7188) पहले से खड़े ट्रक से पीछे जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि राजेंद्र ठाकुर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और पुलिस टीम मौके पर पहुंची तथा घायलों को तत्काल मेडिकल अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने राजेंद्र ठाकुर को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनकी बेटी आकांक्षा का उपचार जारी है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
थाना प्रभारी ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि ट्रक सड़क पर किस परिस्थिति में खड़ा था और यातायात नियमों का पालन किया गया था या नहीं।
हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।













