दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: बस-ट्रेलर की टक्कर के बाद आग, 8 यात्रियों की मौत, 21 घायल

दौसा। राजस्थान के दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। ऋषिकेश से इंदौर जा रही एक स्लीपर बस आगे चल रहे ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई, जिससे आठ लोगों की मौत हो गई। इनमें छह यात्रियों की जिंदा जलने से, जबकि दो की सिर में गंभीर चोट लगने से मौत हुई। हादसे में 21 यात्री घायल हुए हैं, जिनका विभिन्न अस्पतालों में उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार हादसा कोलवा थाना क्षेत्र में रात करीब 2:30 बजे हुआ। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बस चालक को झपकी आने के कारण दुर्घटना हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद बस में आग फैल गई और यात्री मदद के लिए चीखते रहे। कुछ यात्रियों का आरोप है कि दुर्घटना के बाद काफी देर तक राहत दल मौके पर नहीं पहुंचा। वहीं, स्थानीय लोगों ने बचाव कार्य शुरू कर कई यात्रियों को बाहर निकाला।
दौसा विधायक दीनदयाल बैरवा ने दावा किया कि बस का इमरजेंसी गेट नहीं खुलने से कई यात्री समय पर बाहर नहीं निकल सके। वहीं, बचाव कार्य में जुटे ग्रामीणों ने बताया कि बस की डिक्की में सिगरेट के कई बॉक्स रखे थे, जिससे आग तेजी से फैलने की आशंका है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। बस के इमरजेंसी गेट और सुरक्षा मानकों की भी जांच की जा रही है।













