6 जुलाई को राम मंदिर ट्रस्ट की अहम बैठक, संगठनात्मक बदलाव और भविष्य की रणनीति पर होगा मंथन

अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की महत्वपूर्ण बैठक 6 जुलाई को प्रस्तावित है। बैठक में ट्रस्ट की भविष्य की कार्ययोजना, प्रशासनिक ढांचे में संभावित बदलाव, रिक्त पदों पर नियुक्तियां और मंदिर प्रबंधन से जुड़े अहम विषयों पर चर्चा होने की संभावना है। हालांकि बैठक की तिथि और एजेंडा की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं हुई है।
सूत्रों के अनुसार, राम मंदिर के चढ़ावे के प्रबंधन को लेकर उठे विवाद और ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय तथा सदस्य अनिल मिश्रा के इस्तीफों पर भी बैठक में विचार किया जा सकता है। यदि इस्तीफे स्वीकार किए जाते हैं तो ट्रस्ट में कई महत्वपूर्ण पद रिक्त हो जाएंगे, जिन पर नई नियुक्तियों का रास्ता साफ होगा।
बैठक में मंदिर की प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) नियुक्त करने के प्रस्ताव पर भी चर्चा संभव है। हालांकि कानूनी विशेषज्ञों का मानना है कि इसके लिए ट्रस्ट की नियमावली में संशोधन आवश्यक होगा।
बताया जा रहा है कि मंदिर परिसर के विकास कार्यों की समीक्षा, श्रद्धालुओं की सुविधाओं के विस्तार, सुरक्षा व्यवस्था, वित्तीय पारदर्शिता और प्रशासनिक जवाबदेही को मजबूत करने जैसे मुद्दे भी बैठक के एजेंडे में शामिल हो सकते हैं।
धार्मिक और सामाजिक संगठनों की निगाहें इस बैठक पर टिकी हैं। माना जा रहा है कि इस बैठक में लिए जाने वाले निर्णय ट्रस्ट की भविष्य की कार्यप्रणाली और राम मंदिर प्रबंधन की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।













