‘बम-बम भोले’ के जयघोष के साथ अमरनाथ यात्रा शुरू, पहले जत्थे को एलजी मनोज सिन्हा ने दिखाई हरी झंडी

जम्मू। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच गुरुवार को पवित्र अमरनाथ यात्रा-2026 का शुभारंभ हो गया। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने जम्मू से श्रद्धालुओं के पहले जत्थे को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल रहा और पूरा वातावरण ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से गूंज उठा।
भाजपा सांसद जुगल किशोर शर्मा ने यात्रा की सफलता की कामना करते हुए इसे देश की प्रमुख धार्मिक यात्राओं में से एक बताया। वहीं नेता प्रतिपक्ष सुनील शर्मा ने कहा कि श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड की बेहतर व्यवस्थाओं के चलते इस वर्ष रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
यात्रा मार्ग पर सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं। सीआरपीएफ, जम्मू-कश्मीर पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया है। उधमपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग का सैनिटाइजेशन और श्रीनगर के बेस कैंप में एंटी-टेरर मॉक ड्रिल भी आयोजित की गई।
करीब 57 दिनों तक चलने वाली यह यात्रा पहलगाम और बालटाल, दोनों मार्गों से संचालित होगी। श्रद्धालु समुद्र तल से लगभग 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित पवित्र अमरनाथ गुफा में प्राकृतिक हिम शिवलिंग के दर्शन करेंगे। यात्रा का समापन 28 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन होगा।













